जिलाधिकारी के निर्देशन में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था की जांच हेतु प्रवर्तन टीमों का औचक निरीक्षण अभियान
कोटद्वार, दुगड्डा एवं पौड़ी क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर 27,600 रुपये का जुर्माना
पौड़ी: जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने तथा अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पूर्ति विभाग द्वारा व्यापक औचक निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों एवं विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि बुधवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 57 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि कोटद्वार क्षेत्र में 27 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान 04 घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों पर 9,200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसी प्रकार दुगड्डा क्षेत्र में 10 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जहां 02 घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर 4,600 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। वहीं पौड़ी क्षेत्र में 20 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान 06 घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग पाए जाने पर 13,800 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 27,600 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी एवं जमाखोरी रोकने के लिए विभाग द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता पायी जाती है तो संबंधित एजेंसी अथवा प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण अभियान के दौरान संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक एवं विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे।


